उद्योग कार्यक्रम
जुलाई 2025

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 की पूर्व गतिविधि के रूप में “पर्यावरण, उद्योग एवं खनन” विषयक राज्य स्तरीय संगोष्ठी 9 जुलाई को कंस्टीट्यूशन क्लब, जयपुर में आयोजित होगी।

प्रदेश में व्यापार को आसान और सस्ता बनाने पर सरकार का फोकस -राज्यवर्धन सिंह

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 पत्थर की अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी आयोजन के गतिविधियों के क्रम में “पर्यावरण, उद्योग एवं खनन” विषयक राज्य स्तरीय संगोष्ठी 9 जुलाई को कंस्टीट्यूशन क्लब (Constitution Club), जयपुर में आयोजित होगी
इंडिया स्टोनमार्ट 2026 की पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत लघु उद्योग भारती, राजस्थान द्वारा “पर्यावरण, उद्योग एवं खनन” विषय पर एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन 9 जुलाई 2025 (बुधवार) को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक, कंस्टीट्यूशन क्लब (Constitution Club), विधानसभा मार्ग, जयपुर में किया जा रहा है।
इस संगोष्ठी का उद्देश्य राजस्थान में पर्यावरणीय संतुलन के साथ औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्र के समन्वित विकास पर बहुपक्षीय संवाद स्थापित करना है। यह मंच राज्य के नीति-निर्माताओं, विभागीय अधिकारियों, उद्योग संगठनों, विशेषज्ञों और उद्यमियों को एक साथ मंच पर लाकर ठोस समाधान एवं सुझावों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा।
मुख्य अतिथि: माननीय श्री राज्यवर्धन सिंह जी राठौड़,कैबिनेट मंत्री, उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार विशिष्ट अतिथि: माननीय श्री के.के. विश्नोई जी, राज्य मंत्री, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान सरकार

यह संगोष्ठी राजस्थान के औद्योगिक भविष्य, पर्यावरणीय प्राथमिकताओं और खनिज संसाधनों के व्यावसायिक उपयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगी। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि लघु उद्योग भारती द्वारा इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के प्रचार हेतु इटली, चीन, तुर्की, अमेरिका, यूके और रूस जैसे प्रमुख देशों का दौरा किया गया, जहाँ वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित करने के साथ-साथ भारतीय उद्यमियों और विदेशी कंपनियों के बीच द्विपक्षीय व्यापार संवाद (B2B Interaction) आयोजित किए गए।

यह पहली बार है जब इंडिया स्टोनमार्ट के इतिहास में लघु उद्योग भारती द्वारा चीन, रूस और U.K जैसे देशों का दौरा किया गया, जो इस प्रदर्शनी के वैश्विक विस्तार की नई दिशा को दर्शाता है। इतना ही नहीं, भारत में भी इससे पूर्व GSTF (Global Stone Technology Forum) एवं अन्य संगोष्ठियों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पत्थर उद्योग में प्रौद्योगिकी, डिज़ाइन और नवाचार को प्रोत्साहित करने का सतत प्रयास किया गया है। राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य में व्यापार को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक, स्किल डेवलेपमेंट और मार्केटिंग के साथ क्वालिटी प्रोडक्ट ही उद्योगों को प्रतिस्पर्धा में बनाए रख सकते हैं। वे आज लघु उद्योग भारती, राजस्थान द्वारा आयोजित उद्योग, वन, पर्यावरण और खान विभाग विषयक राज्य स्तरीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे, जो पहली बार एक मंच पर इन सभी विषयों को लेकर संवाद स्थापित करने का एक ऐतिहासिक प्रयास था।

GST दर वृद्धि को रोके जाने की बड़ी उपलब्धि
इस अवसर पर उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई ने बताया कि जीएसटी काउंसिल में पत्थर पर टैक्स को 18% से बढ़ाकर 28% करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे उनके सतत प्रयासों से रोका गया। यह पत्थर उद्योग के लिए एक बहुत बड़ी राहत है और सरकार की व्यावसायिक संवेदनशीलता का प्रमाण है। श्री विश्नोई ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में मार्बल-ग्रेनाइट पर जीएसटी दर और कम करने की दिशा में प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने और अप्रासंगिक कानूनों और नियमों की समीक्षा कर उनमें आवश्यक परिवर्तन किए जाएंगे जिससे उद्योगों को वास्तविक राहत मिल सके।
Premium Indian Granite Display

एलयूबी की ऐतिहासिक पहल-

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक ने बताया कि पहली बार इस संगोष्ठी में वन, पर्यावरण और खान विभाग एक मंच पर साथ आये जिससे इन विभागों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश के उद्यमियों की व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर खुला संवाद किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के विशेष संवाद सत्रों को आयोजित करने पर बल दिया।

Indian Granite Quarry
Indian Granite Quarry

उद्योगों के त्वरित समाधान हेतु ज्वाइंट ग्रुप का गठन

जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित इस संगोष्ठी में उद्योग मंत्री श्री राठौड़ ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित और स्थाई समाधान हेतु एक ज्वाइंट ग्रुप गठित किया जाएगा, जिसमें उद्योग, वन, खान, स्किल डेवलपमेंट विभाग के साथ-साथ लघु उद्योग भारती जैसे अग्रणी संगठन को भी सम्मिलित किया जाएगा। यह समूह सभी विभागों के साथ समन्वय के साथ जमीनी समस्याओं को चिन्हित करेगा और उनके सहज समाधानों के साथ इस ग्राउंड रिपोर्ट को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।

राजस्थान को विकासशील से विकसित प्रदेश बनाने के लिए भजनलाल सरकार प्रतिबद्ध

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि राजस्थान को विकासशील से विकसित प्रदेश बनाने के लिए भजनलाल सरकार प्रतिबद्ध है और इसमें संगठन की भूमिका सकारात्मक रहेगी। उन्होंने लघु उद्योग भारती को जोधपुर में आयोजित होने वाले हस्तशिल्प महोत्सव में अगले 4 वर्ष के लिए नोडल एजेंसी और इंडिया स्टोन मार्ट-2026 में सह आयोजक बनाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने राइजिंग राजस्थान के सफल आयोजन के बाद सिंगल विंडो सिस्टम और रीको से उद्यमियों को जमीन के सीधे अलॉटमेंट के लिए भी राज्य सरकार की तारीफ की। श्री ओझा ने बताया कि संगठन सरकार के साथ 10 जिलों में स्किल डेवलपमेंट पर कार्य कर स्किल्ड लेबर उद्योगों के लिए तैयार कर रहा है।

राजस्थान की खनिज नीति देश में सर्वश्रेष्ठ, फिर भी कुछ व्यावहारिक जटिलताएँ-

राजस्थान की खनिज नीति को देश में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। किंतु, इसके क्रियान्वयन में सामने आ रही चुनौतियाँ जैसे कि वन मंजूरी, पर्यावरणीय क्लीयरेंस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की प्रक्रिया और खनन में खासतौर पर ड्रोन द्वारा वोल्यूमेट्रिक अस्सेस्मेंट और डिमार्केशन को संगोष्ठी में गहराई से चर्चा का विषय बनाया गया। पर्यावरण और खनन से जुड़े जटिल विषयों पर सुदर्शन शर्मा, उपवन संरक्षक, एफसीए, मुख्यालय, जयपुर, विष्णुदत्त पुरोहित, चीफ एनवायर्नमेंटल इंजीनियर, आरएसपीसीबी, जयपुर, विजय शर्मा, सीनियर एनवायर्नमेंटल इंजीनियर, जयपुर, दीपक तंवर, डायरेक्टर, खान विभाग, राजस्थान, प्रताप मीणा वरिष्ठ खान अभियंता एवं आलोक जैन अतिरिक्त निदेशक, भूविज्ञान ने स्पष्टता से जवाब दिए और सहयोग के लिए आश्वस्त किया।

Indian Granite Quarry

राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण

प्रदेश के इंडस्ट्री कमिश्नर रोहित गुप्ता ने कहा कि राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपयों के एमओयू में से चार लाख करोड़ से अधिक के निवेश को लगातार मॉनिटरिंग से धरातल पर लाया जा रहा है जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल बन रहा है. उन्होंने एमएसएमई, ओडीओपी और रिप्स आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी और प्रदेश को सौर ऊर्जा का हब बताया।

Indian Granite Quarry

इंडिया स्टोन मार्ट-2026 में 55% बुकिंग

कार्यक्रम में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के संयोजक नटवरलाल अजमेरा ने स्वागत भाषण में बताया कि विदेशों में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी और देशभर में रोड शो और कांफ्रेंस आदि के आयोजन से अब तक 55% बुकिंग हो चुकी है, जो पूर्व आयोजनों की तुलना में अब तक की सबसे तेज और उत्साहजनक बुकिंग है। इससे यह स्पष्ट है कि राजस्थान पत्थर उद्योग को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार है! लघु उद्योग भारती के जयपुर प्रांत अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़ ने सत्रों को मॉडरेट किया। प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने आभार व्यक्त किया एवं सञ्चालन पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सीए योगेश गौतम और प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सीडोस के वाइस प्रेसिडेंट राकेश गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुधीर कुमार गर्ग और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमीगण उपस्थित रहे।